भरतपुर , मार्च 18 -- राजस्थान में रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए शुरू की गई कार्रवाई के तहत भरतपुर संभाग के डीग एवं धौलपुर में रसद विभाग ने 36 गैस सिलेंडरों के साथ एक गाड़ी को जब्त किया है।

विभागीय सूत्रों ने बुधवार को बताया कि धौलपुर में रसद विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग-123 पर तसीमों पार्वती पुल के आगे कुम्हेरी मार्ग के पास से 32 रसोई गैस सिलेंडरों से भरी एक गाड़ी को जब्त किया, जबकि डीग में प्रवर्तन जांच दल ने जिले के चार प्रतिष्ठानों से चार घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।

धौलपुर में रसद विभाग के दल ने संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की तो चालक कैश मेमो प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद दल ने 32 रसोई गैस सिलेंडरों को वाहन सहित सैंपऊ स्थित गैस एजेंसी को सौंप दिया।

डीग में जब्त किए गए सिलेंडरों में एक नगर रोड स्थित चौटाला ढाबे से, एक गोवर्धन रोड स्थित खंडेलवाल पेड़ा वाले से, एक जालूकी से और एक खोह से जप्त किया गया जिन्हें संबंधित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित