बैतूल , जनवरी 30 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के थाना गंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए धोखाधड़ी के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी गणराज उर्फ प्रिंस उर्फ दिशांत पिता अखिलेश नायक, निवासी लिंक रोड टिकारी, बैतूल के खिलाफ वर्ष 2020 में प्रकरण क्रमांक 43/20 दर्ज किया गया था। आरोपी पर धारा 420, 294, 506, 34 भादवि एवं धारा 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला कायम कर स्थायी वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 30 जनवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में निरीक्षक नीरज पाल, प्रधान आरक्षक संदीप, प्रधान आरक्षक नीलेश मीणा, आरक्षक सुरजीत, आरक्षक गजानंद एवं आरक्षक नरेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित