भीलवाड़ा , मार्च 01 -- राजस्थान में भीलवाड़ा की धुलंडी की वह ऐतिहासिक रंगत अब केवल पुरानी यादों और किस्सों तक सीमित रह गई है। कुछ वर्षों पहले तक शहर की सड़कों और गली-मोहल्लों में जो उत्साह और प्रेम का सैलाब उमड़ता था, अब उसकी जगह सन्नाटे और औपचारिकता ने ले ली है।
तकनीक और बदलती जीवनशैली ने त्योहार के उस सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर दिया है, जहाँ रंगों से पहले दिलों का मिलन होता था। भीलवाड़ा की धुलंडी का जिक्र हो और पांसल रोड की हांडी प्रतियोगिता की बात न हो, यह मुमकिन नहीं। एक दौर था जब पांसल रोड पर आयोजित होने वाली 'हांडी फोड़' और 'माखन चोर' प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र होती थी। लोग इस रोमांचक नजारे को देखने उमड़ते थे, लेकिन समय की मार और बदलती प्राथमिकताओं के कारण यह आयोजन अब बंद हो गए हैं। सड़कों पर जो रंगों की परतें जम जाती थीं, वे अब केवल साफ-सुथरे डामर की याद दिलाती हैं।
धुलंडी का मतलब केवल रंग लगाना नहीं, बल्कि सामूहिक उमंग था। टोलियों में निकले युवा, पानी की बौछारें और गुलाल के बाद नजर आने वाले चेहरों में जो 'अपनापन' और 'प्यार' झलकता था, वह इस 'डिजिटल' दौर में दुर्लभ हो गया है। अब न तो वह टोलियां नजर आती हैं और न ही गली-मोहल्लों में वह शोर सुनाई देता है। लोग अब घरों की चारदीवारी में कैद होकर सोशल मीडिया पर स्टेटस अपडेट करने को ही त्योहार मानना बेहतर समझने लगे हैं।
भीलवाड़ा की सड़कें और मोहल्ले संवादहीन नजर आते हैं। पहले सुरक्षा और आपसी विश्वास का वह वातावरण था कि हर कोई हर किसी को रंग लगाने का हक रखता था। अब असुरक्षा और संदेह के घेरे ने त्योहार की सहजता छीन ली है। वर्तमान हालात हमें सोचने पर मजबूर करते हैं कि क्या हम अपनी परंपराओं को सहेज पा रहे हैं। होली और धुलंडी केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि दिलों की कड़वाहट धोने का अवसर था। अब जरूरत है कि हम फिर से उसी पुरानी मस्ती और प्रेम को लौटाएं, ताकि भीलवाड़ा की धुलंडी फिर से अपनी पहचान पा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित