भदोही , मार्च 22 -- खेलो इंडिया गेम 2022 में रजत पदक विजेता धावक मंगल यादव के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में हवलदार पद पर चयन के बाद पहली बार गृह जिला भदोही पहुंचने पर रविवार को भव्य स्वागत किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरियावां क्षेत्र के मनापुर गांव निवासी मंगल यादव ने खेलो इंडिया गेम 2022 में सिल्वर मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया था। इसके बाद राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2023 में कांस्य पदक तथा 2024 में भी लगातार दूसरी बार कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। लगातार तीन वर्षों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें खिलाड़ियों के लिए निर्धारित आरक्षण कोटे के तहत सीआईएसएफ में हवलदार पद पर नियुक्ति मिली है।

नियुक्ति के बाद रविवार को पहली बार गृह जनपद आगमन पर उनके स्वागत के लिए सुरियावां रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बुंदेलखंड एक्सप्रेस से उतरते ही स्थानीय लोगों, खिलाड़ियों और युवाओं ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों के बीच उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने मंगल यादव की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित