हनुमागनढ़ , जनवरी 25 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र में बकाया बिल की वसूली के लिये एक धार्मिक स्थल गये विद्युत निगम के एक सुपरवाइजर को बंधक बनाकर बुरी तरह मारपीट करने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि घटना शनिवार दोपहर करीब सवा 12 बजे की है। विद्युत निगम में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत राजेश कुमार सोनी (44) गुरुद्वारा अमर शहीद पहुंचे थे, जहां विद्युत उपभोग की कुल 52 हजार 801 रुपये की बकाया राशि बकाया है। बिल का भुगतान न होने के कारण राजेश कुमार ने नियमानुसार बिजली का कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू की।

राजेश कुमार ने बताया कि वह कनेक्शन काट रहा था, तभी गुरुद्वारा परिसर से तीन-चार व्यक्ति बाहर आए और आते ही उन्होंने झगड़ा शुरू कर दिया और राजेश को पकड़कर जबरदस्ती गुरुद्वारा परिसर के अंदर ले गए। उसे पकड़कर रस्सी से दोनों हाथ बांध दिए और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में सुपरवाइजर के गंभीर शारीरिक चोटें आईं। मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनका उपकरण और मोबाइल फोन भी छीन लिया।

घटना की सूचना मिलते ही राजेशकुमार के सहकर्मी, कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से सहायता मांगी। इस पर पुलिस तुरंत मौके पर पहंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए राजेश कुमार को गुरुद्वारा परिसर से सुरक्षित छुड़वाया। उसका छीना गया सामान भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जंक्शन थाना में पुलिस उपनिरीक्षक गुरदेवसिंह को इस मामले की जांच सौंपी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित