हरिद्वार , मार्च 20 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गुरवार देर रात तक जिलेभर में व्यापक स्तर पर सघन जांच एवं निगरानी अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत पुलिस टीमों ने मंदिरों, आश्रमों, धर्मशालाओं, घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चौकसी बरती। रातभर चले इस अभियान में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने की एक गंभीर पहल है। धार्मिक नगरी हरिद्वार में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए हर छोटे-बड़े पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अभियान के दौरान पुलिस ने होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में भी सत्यापन अभियान चलाया, ताकि बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

हरिद्वार पुलिस ने कहा है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित