देहरादून , मार्च 14 -- उत्तराखंड के लोक पर्व फूलदई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने आवास में सपरिवार मनाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश वासियों को फूलदेई की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री आवास में लोक पर्व फूलदेई, हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पारंपरिक परिधान पहनकर आए बच्चों ने घर की देहरी पर फूल और चावल अर्पित किए और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों ने "फूल देई-छम्मा देई, जतुके दियाला- उतुके सई" जैसे लोकगीत गाए।
श्री धामी ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि लोकपर्व फूलदेई राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान के भाव को बनाए रखने का त्योहार है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार बसंत ऋतु के आगमन के साथ प्रकृति की सुंदरता और जीवन में नई ऊर्जा का संदेश देता है। यह त्योहार दर्शाता है कि जीवन में हमेशा प्रकृति का आभार व्यक्त करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित