देहरादून , फरवरी 21 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राज्य सरकार के सरकारी पेंशन प्राप्त कर रहे वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के संदिग्ध 1377 पेंशनर्स का जनपदों से सत्यापन कराते हुए सभी अपात्रों की पेंशन बन्द कर उनके विरूद्ध विधिक कार्रवाई किये जाने की इजाजत दे दी।
श्री धामी ने प्रत्येक स्तर पर उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही ना हो, इसके कड़े निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के स्तर पर सरकारी पेंशन प्राप्त करने वालों द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन आदि का भी लाभ प्राप्त करना नियमों के प्रतिकूल है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों की गहनता से की गई जांच में दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में इस प्रकार के मामलों की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए भी सजकता से कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित