देहरादून/ऋषिकेश , मार्च 31 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश बाईपास 4-लेन परियोजना के लिए 1105.79 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने पर केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

केन्द्र सरकार ने प्रदेश सड़क ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज यह स्वीकृति प्रदान की है।

यह बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर टीनपानी फ्लाईओवर से खरासोटे पुल तक विकसित किया जाएगा। लगभग 12.67 किलोमीटर लंबी यह परियोजना भट्टोवाला और ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगी। निर्माण कार्य इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन मोड पर किया जाएगा और इसे तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्वीकृति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात दबाव कम होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही चारधाम यात्रा और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी, जिससे प्रदेश के आर्थिक विकास को बल मिलेगा।

मंत्रालय के अनुसार परियोजना कार्य में किसी भी प्रकार की लागत या समय वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। परियोजना के लिए ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी।

यह परियोजना वित्त वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के अंतर्गत संचालित होगी। इसके पूर्ण होने के बाद ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और पर्यटन एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित