रूद्रपुर , फरवरी 15 -- महाशिवरात्रि के मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह नगर खटीमा में वनखंडी महादेव मन्दिर में पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही महाशिवरात्रि मेले का शुभारम्भ किया और प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनायें दी।

श्री धामी ने मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश की सुख-शान्ति, समृद्धि एवं उन्नति की कामना की। इस मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रहीं।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक वनखण्डी महादेव मन्दिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं हर साल आते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मंदिर का विकास किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी, गंभीर सिंह धामी, गोपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित मन्दिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित