टिहरी , जनवरी 15 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल द्वारा जिले में एक जनवरी से विशेष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत निरंतर विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियाँ संचालित की जा रही है।

इसी क्रम में तहसील प्रतापनगर क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पौराणिक एवं धार्मिक महत्व वाले सेम मुखेम क्षेत्र में मेले के उपरांत गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

गौरतलब है कि सेम मुखेम में भगवान श्रीकृष्ण के नागराजा स्वरूप को समर्पित यह प्राचीन मेला प्रत्येक तीन वर्ष में आयोजित होता है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले के समापन के पश्चात पुलिस ट्रेनिंग अकादमी, नरेंद्रनगर (टिहरी) द्वारा परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका समुचित निस्तारण किया गया।

स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मौके पर नेट युक्त डस्टबिन की भी रखे गये, जिससे यात्री अपने कचरे का उचित निस्तारण कर सकें। इससे बंदरों द्वारा कचरा फैलाने की समस्या से भी निजात मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित