चम्पावत , जनवरी 24 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी चंपावत विधानसभा के बाढ़ प्रभावित टनकपुर को सुरक्षात्मक कार्यों के लिए बड़ी सौगात दी है। बाढ़ सुरक्षा के लिए 154.63 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।

चंपावत जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार शनिवार को प्रदेश सरकार की ओर से आपदा प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा, आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा जनजीवन की रक्षा के लिए निरंतर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में टनकपुर तहसील अंतर्गत हुड्डी नदी के के तट पर स्थित बाढ़ग्रस्त बमनपुरी में बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के लिए राज्य सरकार द्वारा 154.63 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रथम किश्त के रूप में 61.85 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि इससे बमनपुरी एवं आसपास के ग्रामीणों को बाढ़ से होने वाले जान-माल के नुकसान से स्थायी सुरक्षा मिलेगी तथा बहुमूल्य कृषि भूमि हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित