इंदौर , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के धामनोद विधानसभा क्षेत्र के विधायक कालू सिंह ठाकुर से जुड़ा मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पिछले दिनों विधायक द्वारा एक महिला और उसके पति पर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाए जाने के बाद अब उसी महिला ने स्वयं को पीड़ित बताते हुए विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता दीपिका ने आरोप लगाया है कि पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान होकर वह मदद की उम्मीद में विधायक के पास पहुँची थी, लेकिन विधायक ने सहायता करने के बजाय उसके साथ गलत हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला का कहना है कि विधायक ने पहले उसे धामनोद स्थित अपनी होटल में एक दिन तक छुपाकर रखा और वहां से भोपाल बुलवाया।
दीपिका के अनुसार मुस्लिम युवक काशिफ से शादी करने के चलते उसके परिजन उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। इसी कारण वह विधायक से मदद मांगने गई थी। आरोप है कि परिजनों द्वारा की गई मारपीट की जानकारी होने के बावजूद विधायक ने उन्हें मिलवाने या किसी प्रकार की कानूनी अथवा प्रशासनिक सहायता दिलाने के बजाय उसके साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म की कोशिश की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित