जशपुर , जनवरी 21 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धान खरीदी केन्द्र कोनपारा (तुमला) से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले के मास्टरमाइंड आरोपी समिति प्रबंधक जयप्रकाश साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि इस शातिर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर खरीफ वर्ष 2024-25 के दौरान लगभग 6.55 करोड़ रुपये की भारी अनियमितता को अंजाम दिया था।
जशपुर पुलिस के अनुसार, दो जनवरी को छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (एपेक्स बैंक) के एक नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर थाना तुमला में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। रिपोर्ट में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति कोनपारा के धान खरीदी केन्द्र में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया गया था। आरोप था कि केन्द्र पर कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई लेकिन वास्तव में मिलों और संग्रहण केन्द्रों को केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया। इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान गायब पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 6.38 करोड़ रुपये आंकी गई। इसके अलावा पैकिंग के लिए बारदानों में भी अनियमितता पाई गई, जिससे कुल नुकसान लगभग 6.55 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
इस मामले में कुल छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे पहले छह जनवरी को एक अन्य आरोपी और फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी साहू प्राथमिकी दर्ज होते ही फरार हो गया था।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को पता चला कि साहू पहले दमोह (मध्य प्रदेश) में छिपा हुआ था और वहां से भागकर कोरबा जिले के कुसमुंडा इलाके में आ गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी बहुत शातिर था और हर बार किसी दूसरे के नाम से मोबाइल सिम लेकर इस्तेमाल कर रहा था ताकि पकड़ा न जाए।
कोरबा पुलिस के सहयोग से जशपुर पुलिस की एक टीम ने मंगलवार रात विकास नगर, कुसमुंडा में एक घर को घेराव करके मास्टमाइंड साहू को गिरफ्तार कर लिया। उसे तुमला लाकर विस्तृत पूछताछ की गई, जिसमें उसने आरोपों को स्वीकार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी सिंह ने बताया कि यह घोटाले का दूसरा बड़ा आरोपी है जो गिरफ्त में आया है। पुलिस शेष चार फरार आरोपियों की तलाश जारी रखे हुए है और जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की उम्मीद है। यह गिरफ्तारी जशपुर पुलिस की सक्रियता और साइबर जांच की क्षमता को दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित