राजनांदगांव , नवंबर 10 -- छत्तीसगढ़ शासन की ओर से प्रदेश के पंजीकृत किसानों के लिए धान खरीदी के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से 'टोकन तुंहर हाथ' मोबाइल एप विकसित किया गया है।

यह जानकारी जिला प्रशासन ने सोमवार को उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि इस एप की मदद से किसान स्वयं अपनी सुविधा अनुसार निर्धारित तिथि पर संबंधित खरीदी केंद्र में धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। एप में किसान की जानकारी, भूमि विवरण, बैंक खाता, टोकन स्थिति और धान खरीदी से जुड़ी नवीनतम जानकारी उपलब्ध रहेगी।

टोकन प्रतिदिन सुबह आठ बजे 'तुंहर टोकन' मोबाइल एप के माध्यम से जारी किए जाएंगे। वहीं, सोसायटी संचालक सुबह 9:30 बजे से टोकन जारी कर सकेंगे। टोकन अगले सात खरीदी दिनों के लिए जारी किए जाएंगे।

धान की मात्रा डीसीएस, गिरदावरी और पीवी अनुसार पंजीकृत रकबा से कम या बराबर होनी चाहिए। लघु एवं सीमांत किसानों को अधिकतम दो टोकन जबकि बड़े किसानों को अधिकतम तीन टोकन की अनुमति दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित