जशपुर , जनवरी 20 -- छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के दौरान सीमावर्ती राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर राज्य में खपाने की कोशिश कर रहे बिचौलियों पर जशपुर पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने झारखंड से धान ला रहे एक ट्रक और एक ट्रैक्टर को लोदाम क्षेत्र से पकड़ा है। दोनों वाहनों से कुल 515 बोरियों में 230 क्विंटल धान बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख 29 हजार रुपये है। जब्त धान को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर लोदाम पुलिस ने सोमवार को यह कार्रवाई की। पहले मामले में, ग्राम भलमंडा चौक के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर रोका गया। तलाशी में वाहन से 65 बोरियों में 30 क्विंटल धान मिला। चालक सत्यमूर्ति तिर्की ने बताया कि वह धान झारखंड के कीतम से लाकर जशपुर के बोडोकछार निवासी देवघन राम को पहुंचा रहा था। उसके पास धान के परिवहन का कोई वैध दस्तावेज नहीं था।

दूसरे मामले में, ग्राम साईं टांगर टोली के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई। ट्रक से 450 बोरियों में 200 क्विंटल धान बरामद हुआ। चालक बबन सिंह ने बताया कि धान रांची निवासी दिवाकर सिंह का है और वह इसे जशपुर ला रहा था। इसके पास भी कोई कानूनी दस्तावेज नहीं था। पुलिस को संदेह है कि इस धान को राज्य के धान उपार्जन केंद्रों पर खपाने की योजना थी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा और आरक्षक महेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन पर निरंतर नजर रखे हुए है और ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी। इस सीजन में अब तक जशपुर पुलिस ने 45 से अधिक प्रकरणों में 2600 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित