धमतरी , फरवरी 21 -- ) छत्तीसगढ़ में धमतरी जिला के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम चर्रा में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

घटना के बाद महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला घटना के समय अपने घर में छोटे नातियों के साथ मौजूद थीं। उनके पुत्र और बहू काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान लगभग 25 वर्षीय एक युवक घर में पहुंचा और मौके का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों को जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार पीड़िता की स्थिति गंभीर बनी हुई है। परिजनों की शिकायत पर कुरूद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगाई गई है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित