धमतरी , अक्टूबर 27 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी में महानदी के पावन रुद्री घाट पर छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सोमवार की शाम बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं घाट पर पहुंचीं और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इस दौरान घाट पर पारंपरिक भजन और छठ गीतों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं।
छठ पर्व सूर्य देव की उपासना का पर्व है जो चार दिनों तक चलता है। व्रत करने वाली महिलाएं 36 घंटे का निर्जला उपवास रखती हैं और सूर्य देव से अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। रुद्री घाट पर छठ पर्व के आयोजन को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारियां की थीं। घाट पर पंडाल, फूलों की सजावट, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस और नगरपालिका कर्मियों की टीम लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही।
व्रती महिलाओं ने बताया कि यह पर्व उनके जीवन का सबसे पवित्र व्रत है। वे मानती हैं कि सूर्य देव को अर्घ्य देने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित