धमतरी , दिसंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मगरलोड क्षेत्र में मोमोज खाने से 18 बच्चों के बीमार पड़ने की मामले सामने आया है। सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोमोज खाने के बाद अलग-अलग ग्रामीण इलाकों-परसवानी, अरोद, सेना भाटा समेत अन्य गांवों में करीब 18 बच्चों की तबियत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बुधवार को सभी बच्चे विभिन्न स्थानों से मोमोज खाकर घर लौटने के कुछ देर बाद ही उनकी तबियत बिगड़ गई। सभी 18 बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया।
मगरलोड की बीएमओ शारदा ठाकुर ने गुरुवार को बताया कि 15 बच्चों की तबियत अब पूरी तरह ठीक है, जबकि तीन बच्चे अभी भी उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि तीनों बच्चों की स्थिति भी स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है और मामले की विस्तृत जांच की तैयारी की जा रही है। वहीं, अचानक बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित