धमतरी , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी में इन दिनों कमर्शियल गैस की किल्लत होने से होटल और ढाबा संचालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गैस सिलेंडर की नियमित सप्लाई नहीं मिलने और अधिक कीमत वसूले जाने के कारण होटल व्यवसायियों को मजबूरी में लकड़ियों के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है। इससे होटल संचालन की लागत बढ़ने के साथ-साथ धुएं की समस्या भी सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और सप्लाई प्रभावित होने के कारण कमर्शियल गैस की उपलब्धता कम हो गई है। कई जगहों पर सिलेंडर मिल भी रहा है तो उसके लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। ऐसे में शहर के अधिकांश होटल और ढाबा संचालकों ने गैस सिलेंडर की जगह लकड़ी के चूल्हे का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
लकड़ी के चूल्हे में खाना बनाने से अधिक धुआं निकलता है, जिससे आसपास के लोगों के साथ-साथ होटल में काम करने वाले कर्मचारी भी परेशान हो रहे हैं। इसके अलावा लकड़ी में खाना पकाने में अधिक समय लगता है, जिसके कारण ग्राहकों को भी इंतजार करना पड़ता है। कई बार देरी से परेशान होकर ग्राहक दूसरे होटलों का रुख कर लेते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित