धमतरी , मार्च 13 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध जुए के खिलाफ धमतरी पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा बी में जुआ खेलते हुए पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम रात में पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेमरा बी के श्मशान घाट के पास कुछ लोग जुए की महफिल सजा कर बावन पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेलते हुए आठ आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोटरसाइकिल, 8 मोबाइल फोन सहित करीब 4 लाख 20 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित