धमतरी , मार्च 13 -- धमतरी जिले के ग्राम सोरम में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव गांव के मुरूम डबरी में तैरता हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सोरम निवासी जीवित ध्रुव शौच के लिए घर से डबरी की ओर गया था, लेकिन काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा। युवक के लंबे समय तक नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों ने डबरी में उसका शव तैरता हुआ देखा।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को डबरी से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित