टिहरी , फरवरी 20 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में बीते दिनों जिला एवं सत्र न्यायालय को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की सघन जांच में स्थिति पूरी तरह सामान्य पायी गयी है।
सूचना मिलते ही आयुष अग्रवाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
एसएसपी के निर्देश पर टिहरी गढ़वाल पुलिस ने न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में व्यापक तलाशी एवं जांच अभियान चलाया। पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर हर कोने की बारीकी से जांच की गई, वहीं प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई। बम निरोधक दृष्टि से भी गहन तलाशी ली गई।
लंबे समय तक चली जांच के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली, जिससे स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई। इसके बाद आमजन और अधिवक्ताओं को सुरक्षित वातावरण में न्यायालयीय कार्य जारी रखने की अनुमति दी गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नियमित चेकिंग और सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि माहौल खराब करने की नीयत से धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए साइबर माध्यमों से जांच की जा रही है और उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
टिहरी गढ़वाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित