रांची , अप्रैल 01 -- झारखंड में धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी के टांडाबस्ती में बुधवार को स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब सीआईएल और बीसीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी भू-धंसान स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे।
अधिकारियों को देखते ही ग्रामीणों ने नारेबाजी शुरू कर दी। जैसे ही अधिकारियों का काफिला लौटने लगा, आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान कई वाहनों के शीशे टूट गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पथराव में गोविंदपुर एरिया के महाप्रबंधक घायल हो गए। मौके पर तैनात सीआईएसएफ जवानों ने किसी तरह अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालात को काबू में रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
ज्ञतव्य हो कि मंगलवार देर शाम अचानक जमीन फटने से टांडाबस्ती में अफरा-तफरी मच गई। लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते तीन घर धंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 2 बजे मलबे से तीन शवों को बाहर निकाला गया। शवों के मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई।
लोगों का कहना है कि घटनास्थल से लगातार जहरीली गैस के रिसाव हो रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। दोबारा धंसान की आशंका और दमघोंटू वातावरण के कारण कई परिवार अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा, सरकारी नौकरी, पूरी बस्ती का पुनर्वास और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित