धनबाद, 10अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र में स्थित एफसीआई गोदाम के सामने गुरुवार को हुई गोलीबारी मामले में मुख्य आरोपी कुणाल सिंह और करणवीर सिंह को शुक्रवार को पुलिस ने जेल भेज दिया।
दोनों का इलाज कराने के बाद अलग-अलग एम्बुलेंस से धनबाद थाना लाया गया। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने उनसे मामले की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल पांच नामजद आरोपियों के साथ ही कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
घटना के दौरान एफसीआई गोदाम के सामने धरना दे रहे लोगों पर फायरिंग की गई थी। घटना के बाद लोगों ने गोलीबाजों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। वहीं, बाकी आरोपी मौके से पिस्तौल, गोलियां छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
मुख्य आरोपी कुणाल सिंह घायल अवस्था में पाटलिपुत्र अस्पताल में भर्ती था, जबकि करणवीर सिंह कतरास के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहा था। दोनों को डॉक्टरों द्वारा फिट घोषित किए जाने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उनका तीसरा साथी फिलहाल अस्पताल में इलाजरत है, जैसे ही वह ठीक होगा, उसे भी जेल भेजा जाएगा।
एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित