मुंबई , मार्च 14 -- भारतीय क्रिकेट में बेहतरीन योगदान देने वाले रोजर बिन्नी, राहुल द्रविड़ और मिताली राज को रविवार को 'नमन पुरस्कारों' के तहत भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सर्वोच्च सम्मान 'कर्नल सी. के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' से सम्मानित किया जाएगा।

बीसीआईआई ने आज 'नमन पुरस्कारों' की घोषणा की। इसके तहत अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिकेटरों को सम्मानित किया जायेगा।

बिन्नी ने 27 टेस्ट और 72 एकदिवसीय मैच खेले हैं। वे 1983 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और उस टूर्नामेंट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। यह टूर्नामेंट भारतीय क्रिकेट के भविष्य को बदलने वाला साबित हुआ था। वे 1985 में 'वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट' जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे। बाद में उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम के कोच के तौर पर भी काम किया, जिसने साल 2000 में विश्व कप जीता था। इसके बाद वे राष्ट्रीय पुरुष टीम के चयनकर्ता भी बने। उन्होंने बीसीसीआई के अध्यक्ष के तौर पर भी अपनी सेवाएं दी हैं।

द्रविड़ ने अपने शानदार करियर में कुल 509 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिसमें उन्होंने 24 हजार से अधिक रन बनाए और 400 से अधिक कैच लपके। उनकी कप्तानी में भारत ने साल 2007 में इंग्लैंड में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती थी। बाद में उन्होंने पुरुष अंडर-19 टीम, 'इंडिया ए' और राष्ट्रीय पुरुष टीम के कोच के तौर पर भी काम किया। राष्ट्रीय पुरुष टीम ने साल 2024 में टी-20 विश्व कप जीता था।

मिताली राज ने भारत के लिए सभी प्रारुपों में कुल 333 मैच खेले हैं। वे दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बनीं, जिन्होंने 10 हजार से अधिक रन बनाए हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम दो बार विश्वकप के फाइनल तक पहुंची थी।

इस दौरान भारत के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान शुभमन गिल को 'क्रिकेटर ऑफ द ईयर' पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 'क्रिकेटर ऑफ द ईयर' पुरस्कार को 'पॉली उमरीगर क्रिकेट ऑफ द ईयर' अवॉर्ड भी कहा जाता है। वहीं, महिला वर्ग में स्मृति मंधाना को उनके करियर में पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का सम्मान मिलेगा।

विजेताओं की पूरी सूची इस प्रकार है :-पॉली उमरीगर अवॉर्ड: 2024-25 के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर (पुरुष) शुभमन गिल। 2024-25 की सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर (महिला) स्मृति मंधाना। एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में सर्वाधिक विकेट 2024-25 (महिला) दीप्ति शर्मा। एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी 2024-25 (महिला) स्मृति मंधाना। 2024-25 में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू (महिला) एन श्री चरणी। 2024-25 में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू (पुरुष) हर्षित राणा। 2024-25 के बीसीसीआई घरेलू टूर्नामेंटों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन - मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन। 2023-24 में घरेलू क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ अंपायर - उल्हास गांधे। माधवराव सिंधिया अवॉर्ड: 2024-25 की रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी - एलीट ग्रुप - हर्ष दुबे (विदर्भ)। माधवराव सिंधिया अवॉर्ड: 2024-25 की रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी - प्लेट ग्रुप - सुचित जे (नागालैंड)। माधवराव सिंधिया अवॉर्ड: 2024-25 की रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी - एलीट ग्रुप - यश राठौड़ (विदर्भ)। माधवराव सिंधिया अवॉर्ड: 2024-25 में रणजी ट्रॉफी में सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी - प्लेट ग्रुप - स्नेहल कौथंकर (गोवा)।

घरेलू सीमित ओवर प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड, 2024-25 - आयुष म्हात्रे (मुंबई)।

रणजी ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड, 2024-25 - हर्ष दुबे (विदर्भ)। जगमोहन डालमिया ट्रॉफी: 2024-25 की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर (जूनियर डोमेस्टिक) - इरा जाधव (मुंबई)। जगमोहन डालमिया ट्रॉफी: 2024-25 की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर (सीनियर डोमेस्टिक) (सीनियर महिला वनडे) - शैफाली वर्मा (हरियाणा)। जगमोहन डालमिया ट्रॉफी: 2024-25 में (अंडर 16) विजय मर्चेंट ट्रॉफी में सबसे अधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ी - एलीट ग्रुप - यशबर्धन सिंह चौहान (मध्य प्रदेश)।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित