चेन्नई , फरवरी 27 -- तमिलनाडु के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके ओ पन्नीरसेल्वम (ओपीएस) राज्य विधानसभा चुनावों से पहले सत्ताधारी द्रमुक में शामिल हो गए। श्री ओपीएस ने द्रमुक में शामिल होते ही अन्नाद्रमुक नेता एडप्पाई के पलानीस्वामी पर निशाना साधते हुए उन्हें तानाशाह बताया और कहा कि वह इसके बाद कभी चुनावी जीत का स्वाद नहीं चख पाएंगे।
श्री ओपीएस ने द्रमुक में शामिल होने के बाद पार्टी मुख्यालय 'अन्ना अरिवालयम' के बाहर कहा कि श्री स्टालिन के अच्छे शासन को देखते हुए वह द्रमुक में शामिल होकर बहुत खुश हैं और उनका फैसला किसी मजबूरी या दबाव में नहीं है बल्कि सोच-समझकर लिया गया है।
श्री ओपीएस ने श्री स्टालिन को 'थलपति' (कमांडर) संबोधित करते हुए कहा, "मैं एक आम कार्यकर्ता के तौर पर 'थाई कझगम' में शामिल हुआ हूं और द्रमुक नेतृत्व द्वारा सौंपी गई अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करूंगा।मुझे बहुत खुशी है कि मैं 'थाई कषगम' (मूल पार्टी) द्रमुक में शामिल हो गया हूं, जिसे पेरारिग्नार अन्ना (पूर्व मुख्यमंत्री सीएन अन्नादुरई) ने शुरू किया था।" उन्होंने द्रमुक में शामिल करने के लिए श्री स्टालिन को धन्यवाद दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित