पटना , अक्टूबर 18 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि प्रदेश की जनता एकबार फिर प्रचंड बहुमत से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार बनाने के लिए तैयार है।
श्री चौधरी आज सासाराम से श्रीमती स्नेहलता (राष्ट्रीय लोक मोर्चा), मोहनियां से संगीता कुमारी (भाजपा) और रामगढ़ से अशोक कुमार सिंह (भाजपा) के नामांकन में शामिल हुए।
श्री चौधरी ने नामांकन के बाद तीनों जगहों पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि बिहार रफ्तार पकड़ चुका है और अब विकास की राह पर तेजी से दौड़ रहा है। जनता के आशीर्वाद से राजग रोहतास-कैमूर जिले की सभी विधानसभा सीटों पर विजयी होगा। उन्होंने कहा कि राजग 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास बनाने के लिए तैयार है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार का बजट छह हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर तीन लाख 17 हजार करोड़ रुपये हो गया है। 50 गुणा से ज्यादा बढ़ा बजट बदलते बिहार का प्रमाण है। उन्होंने कहा-कभी सड़कों की बदहाली के लिए चर्चित बिहार आज विश्वस्तरीय और गुणवत्ता वाली सड़कों के लिए जाना जा रहा है। पटना से राज्य के किसी भी कोने में अब चार घंटे में पहुंचना संभव है।
श्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले शहरी क्षेत्रों में चार-पांच घंटे बिजली मिलती थी, आज गांवों में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। राज्य में 125 यूनिट बिजली मुफ्त है। स्कूल और अस्पतालों का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में 12 लाख सरकारी नौकरियां और 38 लाख रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं। आने वाले पांच साल में एक करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य है। राजग सरकार बुजर्गो को मान और महिलाओं को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सूबे में अब सुशासन की सरकार है। अपराध पर लगाम है और पुलिस अपराधियों को 100 घंटे के अंदर ढूंढ कर पीड़ितों को नयाय दिलाती है। जबकि 2005 से पहले मुख्यमंत्री आवास में अपहरण की डील होती थी। पशुओं का चारा तक खा जाने वाले लालू यादव जब रेल मंत्री बने तो वहां भी उन्होंने लूट खसोट किया।
श्री चौधरी ने रोहतास-कैमूर जिले में हुए विकास कार्यों पर भी ध्यान दिलाया और कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सासाराम में 921 करोड़ रुपये की लागत से 124 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सासाराम जंक्शन को नया रूप दिया जा रहा है। सासाराम में 200 एकड़ भूमि पर विशाल चिड़ियाघर बनाने की योजना भी सरकार की प्राथमिकता में है।रामगढ़ में जल आपूर्ति योजना की शुरुआत की गई है, जिससे रामगढ़, नुआंव और दुर्गावती प्रखंड के किसानों को सिंचाई और पेयजल की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा जिले में कई सड़क, पुल, औद्योगिक क्षेत्र और पर्यटन परियोजनाओं पर कार्य जारी है,जिनमें रेहल से रोहतासगढ़ किला होते हुए चौरासन मंदिर तक सड़क निर्माण, वाजिदपुर में कांच नदी पर पुल, कुदरा-बेनारी-मलहीपुर पथ का चौड़ीकरण, तथा इन्द्रपुरी जलाशय के पास पर्यटन हाट का निर्माण प्रमुख हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित