जयपुर , मार्च 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए युवा, किसान, महिला, मजदूर के सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रही है और हमने विधानसभा में दो साल बनाम पांच साल का प्रतिवेदन रखा लेकिन कांग्रेस के लोग बिना बहस किए ही मैदान छोड़कर भाग गए।

श्री शर्मा सोमवार को भांकरोटा में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा "कार्यकर्त्ता ही हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने युवाओं को अब तक सवा लाख सरकारी नौकरियों में नियुक्ति पत्र दे दिए है तथा एक लाख 35 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन है। हमने, वर्ष 2026 के लिए एक लाख पदों पर भर्तियों का कलैण्डर निर्धारित किया था और अब हमने बजट में 25 हजार और पदों के लिए कलैण्डर जारी किए जाने की घोषणा की है।"उन्होंने कहा कि इस वर्ष के लिए एक लाख 25 हजार पदों पर भर्तियों का कलैण्डर जारी होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मन लगाकर पढ़े और मेहनत करें। सरकार पूरी तरह से युवाओं के साथ है। उन्होंने सभी से केन्द्र एवं राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम से लौटते समय मुख्यमंत्री ने भांकरोटा में चाय की एक दुकान पर रुक कर चाय पी और वहां लोगों से मुलाकात कर उनके हालचाल जाने। इस अवसर पर लोगों ने मुख्यमंत्री की सादगी एवं संवेदनशीलता की प्रशंसा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित