देहरादून , अक्टूबर 04 -- पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते उत्तराखंड के मौसम में मंगलवार रात से बदलाव होने जा रहा है। मौसम के बदलने से पर्वतीय जिलों में शीत लहर तो मैदानी इलाकों में कोहरे और ठंड के बढ़ने की संभावना है।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चार और पांच नवंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने बताया कि आज रात से पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में कहीं हल्की वर्षा और 4 हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर जिलों मे हल्की वर्षा हो सकती है। 5 नवंबर को भी अधिकतर पर्वतीय जिलों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा।

रोहित थपलियाल ने बताया कि और पश्चिमी विक्षोभ करण उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जनपदों के कुछ क्षेत्रों में बहुत हल्की वर्षा होने के आसार हैं, इसके अलावा 4000 या उससे अधिक मीटर की ऊंचाई पर स्थित क्षेत्रों मे बर्फबारी की संभावना है। 6 नवंबर के बाद से उत्तराखंड में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा।

इन दो दिनों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बरसात होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि बारिश और बर्फबारी होने से विशेषकर पर्वतीय जिलों में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। इधर मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में कोहरा छाने की भी संभावना जताई है, जिससे सामान्य तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित