कुआलालंपुर , फरवरी 07 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिन की यात्रा पर अब से कुछ देर पहले शनिवार को यहां पहुंचे। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने हवाई अड्डे पर गले लगाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हवाई अड्डे पर उतरने के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, " कुआलालंपुर पहुंचा। हवाई अड्डे पर मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा किये गये गर्मजोशी भरे स्वागत से अत्यंत भावुक हूँ। हमारी बातचीत और भारत-मलेशिया के बीच मित्रता के संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतीक्षा है।"श्री मोदी के स्वागत में भारतीय समुदाय के लोग भी हवाई अड्डे पर पहुंचे हुए थे। स्कूली बच्चे हाथों में भारत का राष्ट्रीय ध्वज लिये हुए थे।

इसके बाद श्री इब्राहिम और श्री मोदी एक ही कार में रवाना हो गये।

श्री मोदी ने सुबह मलेशिया रवाना होने से पहले जारी वक्तव्य में उम्मीद जताई थी कि उनकी मलेशिया यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी और मज़बूत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित