नयी दिल्ली , दिसम्बर 29 -- पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच केन्द्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह मंगलवार और बुधवार को राज्य के दौरे पर रहेंगे तथा पार्टी के कार्यक्रमों शामिल होंगे।
श्री शाह मंगलवार को कोलकाता में पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे । वह एक प्रेस वार्ता को भी संबोधित करेंगे।
बुधवार को वह ठनठनीया कालीबाड़ी मंदिर में दर्शन करेंगे और बाद में सांसदों तथा विधायकों के साथ बैठक करेंगे।
श्री शाह उसी दिन बाद में कोलकाता में महानगर पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस को अपदस्थ करने के लिए व्यापक तैयारी कर रही है और श्री शाह की यात्रा को इसी कवायद का हिस्सा माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित