नयी दिल्ली , दिसंबर 04 -- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बहु प्रतीक्षित भारत यात्रा पर गुरुवार शाम यहां पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिन की यात्रा पर आ रहे श्री पुतिन का पालम हवाई अड्डा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया जाएगा। रूसी राष्ट्रपति की भारत यात्रा चार वर्ष के अंतराल पर हो रही है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि श्री पुतिन के कार्यक्रमों में शुक्रवार को 23 वें भारत रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ वार्ता सबसे प्रमुख आयोजन है।
सूत्रों के अनुसार श्री पुतिन यहां पहुंचने के बाद शाम को प्रधानमंत्री निवास पर श्री मोदी से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री ने उनके सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया है। इस दौरान शिखर सम्मेलन से पहले दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय , द्विपक्षीय और वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बातचीत होने की संभावना है।
शुक्रवार को श्री पुतिन के आधिकारिक कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनके पारंपरिक और भव्य स्वागत के साथ होगी।
रूसी राष्ट्रपति, राष्ट्रपति भवन से सीधे राजघाट जाएंगे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद श्री पुतिन हैदराबाद हाउस जाएंगे जहां वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ 23 वें भारत रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वार्ता के बाद श्री पुतिन और श्री मोदी संयुक्त प्रेस वक्तव्य भी देंगे।
शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों पक्षों के बीच रक्षा, सुरक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों पर विशेष रूप से बातचीत होगी। दोनों नेता परस्पर हित के मुद्दों के साथ-साथ वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा करेंगे। बातचीत के दौरान भारत द्वारा एस 400 वायु रक्षा प्रणाली की खरीद पर मुख्य रूप से बात किए जाने की संभावना है। इसके अलावा रूस की तरफ से पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान सुखोई 57 के सौदे पर भी बातचीत की जा सकती है।
रूस से तेल खरीद के मुद्दे पर भी दोनों देश चर्चा करेंगे। भारत रूस के साथ व्यापार घाटे को कम करने की दिशा में भी प्रभावी उपायों के बारे में चर्चा करेगा।
बाद में श्री पुतिन एक बिजनेस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसमें दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के उपायों पर ध्यान दिया जाएगा।
शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री पुतिन के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया है। रात्रि भोज के बाद शुक्रवार रात को ही श्री पुतिन स्वदेश रवाना हो जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित