पटना , अप्रैल 5 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सरकार पर आरोप लगाया कि दो दशकों से अधिक समय के शासन के बावजूद प्रदेश अधिकांश सामाजिक-आर्थिक और मानव विकास सूचकांकों में अब भी पिछड़ा हुआ है।

राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर विभिन्न आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि प्रति व्यक्ति आय, कृषि आय, निवेश, खपत और बिजली उपयोग के मामले में बिहार देश के सबसे निचले पायदान पर बैठा हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में अब भी गरीबी, बेरोजगारी, पलायन और शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति बनी हुई है।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजग के 21 वर्षों के शासन और तथाकथित डबल इंजन सरकार के होने के बाद भी बिहार प्रमुख विकास सूचकांकों में सबसे नीचे बना हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत आंकड़े प्रदेश में शासन की पूर्ण विफलता को दर्शाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित