मऊ , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार को दो ट्रेलरों की टक्कर के बाद एक ट्रक में भीषण आग लग गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक वाहन समेत फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार झारखंड निवासी 26 वर्षीय ट्रेलर चालक संदीप राना कोलकाता से गोरखपुर कोयला लादकर जा रहा था। बसारथपुर गांव के पास पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने उसके वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कोयला लदे ट्रेलर में आग भड़क उठी और वाहन धू-धू कर जलने लगा।
आग की चपेट में आने से संदीप राना वाहन के अंदर ही फंस गया और उसकी झुलसकर मौत हो गई। टक्कर के बाद दूसरा ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी घोसी जितेन्द्र सिंह और थानाध्यक्ष दोहरीघाट संजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अग्निशमन दल और पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित