जगदलपुर , अप्रैल 08 -- छत्तीसगढ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने बुधवार को जगदलपुर शहर में दो करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में आरसीसी नाला, पुलिया, सीसी सड़क एवं स्ट्रीट लाइटिंग से जुड़े इन कार्यों का उद्देश्य शहर को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।
विधायक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15वें वित्त मद के अंतर्गत महारानी वार्ड में बंगीय समाज भवन से शहीद पार्क पुलिया तक 45.75 लाख रुपए की लागत से आरसीसी नाला निर्माण, हिंगलाजिन मंदिर से चांदनी चौक तक 38.83 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण कार्य किया जाएगा। वहीं महारानी वार्ड एवं मोतीलाल नेहरू वार्ड में चांदनी चौक से कोर्ट चौक तक 49.99 लाख रुपए की लागत से स्ट्रीट लाइटिंग की आपूर्ति, स्थापना एवं परीक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा दलपत सागर, लोकमान्य तिलक एवं गुरु गोविंद सिंह वार्ड में 26.99 लाख रुपए तथा कुशाभाऊ ठाकरे, लोकमान्य तिलक एवं चंद्रशेखर आजाद वार्ड में 52.07 लाख रुपए की लागत से नाला एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री देव ने कहा कि बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल निर्माण परियोजनाएं नहीं, बल्कि शहर के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला और पुलिया निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है तथा सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य निरंतर जारी हैं तथा वित्तीय संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। शहर के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना लक्ष्य है।
निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ने कहा कि शहर में लंबे समय से लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन कार्यों का भूमिपूजन किया गया है, उनकी मांग स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार की जा रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित