गाजीपुर , जनवरी 22 -- समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अफजाल अंसारी ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के मामले पर कहा कि दोषी अधिकारियों को उनसे माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने याद दिलाया कि अखिलेश यादव ने अपने शासनकाल में संतो से हुये दुर्व्यवहार होने पर माफी मांगी थी। अंसारी ने कहा कि शंकराचार्य संत हैं और वे किसी को श्राप नहीं दे सकते। अंसारी ने गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग का समर्थन करते हुये कहा कि जब शेर को राष्ट्रीय पशु और मोर को राष्ट्रीय पक्षी घोषित किया जा सकता है, तो गाय को राष्ट्र माता क्यों नहीं घोषित किया जा सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'हलाल' लिखे खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध के बयान पर भी टिप्पणी की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओमान से हलाल का प्रोफार्मा लेकर आए हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत बीफ के निर्यात में ब्राजील को पीछे छोड़कर 'विश्वगुरु' बन गया है। मणिकर्णिका घाट पर तोड़फोड़ के मामले पर सपा सांसद ने वाराणसी के अधिकारियों पर मुख्यमंत्री को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से यह कहलवा दिया कि संबंधित वीडियो एआई-जनरेटेड थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित