देहरादून , मार्च 02 -- उत्तराखंड के देहरादून में होली पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिये पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।

पुलिस ने पिछले साल पर्व के दौरान हुए विवादों का परीक्षण कर ऐसे सभी अराजक तत्व, जो इस बार के पर्व में भी शान्ति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर सकते हैं,उन्हें चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की है।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने सोमवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि सुरक्षा के लिहाज से पूरे जनपद को तीन सुपर जोन, आठ जोन, 21 सेक्टर तथा 53 सब सेक्टर में बांटा गया है।

सुपरजोन में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, जोन में क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी, सैक्टर में सम्बन्धित थाना प्रभारी तथा सबसैक्टर में उपनिरीक्षक रैंक के अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है।

सभी क्षेत्रों में मोबाइल पार्टी में स्टेटिक फोर्स को तैनात किया गया है, जिनके द्वारा नियमित रूप से भ्रमणशील रहकर पर्व के दौरान प्रत्येक घटनाक्रम पर सतर्क दृष्टि रखते हुए सुरक्षा एंव शान्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।

इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही किसी भी सूचना पर त्वरित रिस्पांस के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पीसीआर को तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर लगातार सतर्कता बरतते हुए चौबीस घंटे निगरानी की जा रही है।

सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों, विवादित पोस्टों आदि के माध्यम से वैमनस्यता फैलाते हुए धार्मिक सौहार्द को बिगाडने का प्रयास करने वालों के विरूद्ध पुलिस द्वारा सख्त कार्यवाही की जायेगी।

जिले के विभिन्न स्थानो पर आज आयोजित होने वाले होलिका दहन के कार्यक्रम के दृष्टिगत पुलिस ने सभी आयोजकों से वार्ता करते हुए उन्हें निर्धारित स्थानों पर ही कार्यक्रम आयोजित करने तथा किसी नई परम्परा के शुरूवात न करने के निर्देश दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित