देहरादून , फरवरी 13 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह थाना पटेलनगर क्षेत्र के एक नाले में पड़ी हुई लाश देखकर सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकालकर, पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। समाचार लिखने तक शव की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने बताया कि आज सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से चंद्रबनी शमशान घाट के पास गंदे नाले में एक पुरुष का शव पड़ा होने की सूचना पर कोतवाली पटेलनगर से पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाल कर फील्ड यूनिट के माध्यम से घटना स्थल की फोटो और वीडियोग्राफी कराई। शव के निरीक्षण में शरीर पर कोई भी जाहिरा चोट या खरोच के निशान नहीं है। मृतक के पास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए है। आसपास के लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने पर शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। शव की पहचान के लिए उसको कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित