देहरादून , फरवरी 13 -- उत्तराखंड में देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के जिम से नीचे उतरते समय दो अज्ञात हमलावरों ने विक्रम शर्मा नामक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि उस पर 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। झारखंड पुलिस से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि इन मामलों में हत्या जैसे गंभीर अपराध भी शामिल हैं और उनका संबंध झारखंड के आपराधिक गिरोहों से रहा है।

पुलिस इस मामले की गैंगवार, आपसी रंजिश या किसी पुराने विवाद की संभावना के एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जब किसी व्यक्ति पर इतने अधिक आपराधिक मामले दर्ज हों, तो रंजिश या गिरोहबाजी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी एंगल से विभिन्न टीमों का गठन कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित