देहरादून , मार्च 16 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में चूना भट्टा स्थित एक खंडहरनुमा मकान में सोमवार को एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
शव मिलने की सूचना थाना रायपुर पुलिस को मिली, इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम द्वारा सभी साक्ष्यों को इकट्ठा किया। साथ ही शव को पंचनामा के लिए भेज दिया गया।
मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र डोबाल भी पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद पत्रकारों को बताया कि प्रथम दृष्टया शरीर पर चोट के कोई गहरे निशान नहीं मिले लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है, इसके लिए शव को पोस्टमार्टम में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में जानकारी मिल पाएगी।
पुलिस की फौरी जांच में मृतका महिला का नाम शिवानी थापा अरोड़ा (26) जानकारी में आया, जो नजदीक ही चंदर रोड ,सूर्य बस्ती की रहने वाली थी। यह भी जानकारी मिली कि महिला शादीशुदा थी, जिसका दो वर्षीय बच्चा भी है।
महिला के संबंध में यह भी जानकारी मिली कि वह पहले से ही नशे की आदि थी और और इसी के चलते हाल ही में उसे नशा मुक्ति केंद्र भी उसे भर्ती करवाया गया था।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इस क्षेत्र में नशे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है जिसके चलते अक्सर इन जगहों पर नशा करने के लिए लोग आते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित