पटना , दिसंबर 10 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बुधवार को कहा कि देश मे चुनाव की प्रक्रिया संदेह के दायरे में आ गयी है और भविष्य में लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह आवश्यक है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन ( ईवीएम) को खत्म कर पुरानी बैलट पत्र प्रणाली में बहाल किया जाए।
श्री यादव ने बयान जारी कर कहा कि जब से देश मे चुनाव आयोग के गठन की प्रक्रिया बदली गयी है, उसकी निष्पक्षता संदेह के दायरे में आ गयी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और जर्मनी जैसे विकसित देश भी ईवीएम चुनाव प्रणाली से खुद को दूर रखें हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत जैसे देश या बिहार जैसे प्रदेश, जहां की ग्रामीण जनता आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से ज्यादा वाकिफ नही है, उनके उपर चुनाव के दौरान ईवीएम थोपना उचित कदम नही है।
राजद के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव आयोग का संदेह के दायरे में आना भारतीय लोकतंत्र के लिए शुभ कदम नही है और भविष्य में लोगों का विश्वास इस संस्था में बना रहे उसके लिए जरूरी सुधारों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा नही है कि देश से बैलट पद्धति पूरी तरह खत्म हो गयी है।उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य मे लगे हुए कर्मचारी आज भी बैलट से ही मतदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र की पहली शर्त है कि चुनाव निष्पक्ष हों और चुनाव कराने वाली संस्था पर लोगों का विश्वास कायम रहे और इसके लिए ईवीएम को बैलट में परिवर्तित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दुनिया के विकसित प्रजातांत्रिक देश यदि ईवीएम से दूरी बनाए हुए हैं, तो उस पर गौर करने की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित