नयी दिल्ली , अप्रैल 11 -- सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और 20 हजार टन एलपीजी से लदे भारत के एक और गैस टैंकर ने हार्मुज जलडमरूममध्य सुरक्षित पार कर लिया है।
सरकार ने शनिवार को फिर दोहराया कि देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और शुक्रवार को 51.5 लाख से अधिक सिलेंडर वितरित किए गए।
भारत के ध्वज वाले एलपीजी पोत जग विक्रम ने लगभग 20,400 टन एलपीजी के साथ सुरक्षित रूप से होर्मुज़ जलडमरूमध्य को पार कर लिया है। सरकार की अपील के बाद अब तक 26,000 से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी कनेक्शन वापस कर दिए हैं।
सरकार ने लोगों से एक बार फिर अपील की है कि वे पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी से बचें और जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।एलपीजी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे डिजिटल बुकिंग प्लेटफ़ॉर्म का उपयोग करें और वितरकों के पास जाने से बचें। नागरिकों को पीएनजी तथा इलेक्ट्रिक या इंडक्शन कुकटॉप जैसे वैकल्पिक ईंधनों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।वर्तमान स्थिति के दौरान सभी नागरिकों से अपने दैनिक उपयोग में ऊर्जा की बचत करने का आग्रह किया जाता है।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने पिछले 8 दिनों में 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडरों के लिए लगभग 2,900 जागरूकता शिविर आयोजित किए हैं।
सरकार ने कहा है कि अब तक 2,009 से अधिक भारतीय नाविकों को खाड़ी क्षेत्र से सुरक्षित वापस लाया गया है। पिछले 24 घंटों में 81 भारतीय देश लौटे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित