जौनपुर , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रमजान के आखिरी शुक्रवार को अलविदा की नमाज के मौके पर बड़ी संख्या में नमाजियों ने मस्जिदों में नमाज अदा कर देश की तरक्की और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। जिले की प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शाही अटाला मस्जिद और शाही जामा मस्जिद सहित कई मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। शाही अटाला मस्जिद में मौलाना अहमद नवाज ने जुमे की नमाज पढ़ाई, जबकि मौलाना आफाक ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महीना इबादत और बरकत का होता है, जिसमें मुस्लिम समाज विशेष तौर पर तरावीह की नमाज अदा करता है।
शाही जामा मस्जिद (बड़ी मस्जिद) में मौलाना अबू हुरैरा ने नमाज अदा कराई और देश में अमन, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआ की। वहीं मदीना मस्जिद, नवाब यूसुफ रोड स्थित मदरसा हनफिया में मौलाना अहमद रज़ा ज़ाफरी ने नमाज अदा कराई। इस मौके पर मौलाना कयामुद्दीन ने कहा कि रमजान का महीना इबादत के साथ-साथ गुनाहों से बचने और तौबा करने का भी समय होता है।
अलविदा जुमे के मौके पर पिया जामा मस्जिद कसरी बाजार में शिया समुदाय के लोगों ने भी विशेष नमाज अदा कर देश की तरक्की के लिए दुआ की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह तथा अन्य अधिकारी क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित