जयपुर , फरवरी 07 -- केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटील ने शनिवार को यहां बताया कि देश में जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत अब तक 16 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया जा चुका है।
श्री पाटिल ने यहां केन्द्रीय बजट को लेकर प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमृत सरोवर योजना और जेजेएम ऐतिहासिक साबित हो रहे हैं और अमृत सरोवर योजना के तहहत देशभर में 69 हजार से अधिक सरोवरों का निर्माण किया गया है, जिससे भूजल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि जेजेएम के लिए 67 हजार 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और अब तक 16 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया जा चुका है और चार-पांच करोड़ घरों को और पानी देना है तथा इस योजना को वर्ष 2028 तक विस्तारित किया गया है। इससे देश की लगभग नौ करोड़ माताओं-बहनों का करीब 4.5 करोड़ घंटे का समय बचा है। साथ ही जल गुणवत्ता जांच के लिए 24 लाख 80 हजार महिलाओं को प्रशिक्षित भी किया गया है और आठ लाख महिलाओं ने परीक्षण पोर्टल पर अपनी रिपोर्ट को रखा है।
उन्होंने कहा कि देश में अलग अलग स्थानों पर 2868 प्रयोगशालाओं के माध्यम से पानी की नियमित जांच की जा रही है और पानी की गुणवत्ता खुद जांच कर सके इसके लिए ऐसा कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि जेजेएम के तहत देश में 119 टीमें अलग अलग जगह पर गई जहां चार हजार से अधिक शिकायतें मिली और इसके बाद कई लोगों को जेल और काम करने वाली कुछ कंपनियों को ब्लैकलिस्टेट किया गया। गड्बड़ी पाये जाने पर अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया गया और राजस्थान के एक पूर्व मंत्री को भी इसमें गिरफ्तार किया गया। बाद में उच्चत्तम न्यायालय से जमानत मिल गई। उन्होंने कहा कि गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं और राज्यों से एमओयू कर रहे हैं तथा उसी के अनुसार काम करके काम को आगे बढ़ाना है।
श्री पाटिल ने कहा कि किसानों को खेतों के लिए पाइप से पानी पहुंचाने का पायलट प्रोजेक्ट लाया गया हैं जो छह महीने में तैयार हो जायेगा और इसके लिए 550 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है जो पहली बार इस तरह की योजना लाई गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित