वाल्मीकीनगर/चनपटिया , नवंबर 05 -- कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि देश की मौजूदा स्थिति ब्रिटिश राज के समान हो गयी हो गई है, जहां जनता की आवाज दबाई जा रही है और लोकतंत्र की आत्मा पर हमला हो रहा है।

श्रीमती वाड्रा ने आज पश्चिमी चंपारण जिले में महागठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करते हुये कहा कि चंपारण की धरती पर देश को गर्व है। उन्होंने कहा कि चंपारण की धरती से ही आजादी के आंदोलन की शुरुआत हुई। महात्मा गाँधी यहां के किसानों की आवाज सुन कर चंपारण पहुंचे और किसानों को प्रेरित किया था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई में बिहार के बहुत से लोग शहीद हुए थे। उन्होंने उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की मौजूदा स्थिति ब्रिटिश राज जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि आज देश में अंग्रेजों के जैसा मोदी का साम्राज्य है। इस राज में मंहगाई बढ़ गई है, किसान कर्ज लेता है और ब्याज चुकाते-चुकाते उसकी कमर टूट जाती है। सरकार गरीब किसानों का कर्ज कभी माफ नहीं करती, लेकिन अंबानी-अडाणी का लाखों करोड़ों का कर्ज माफ हो जाता है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि बिहार में वोट चोरी के जरिए सरकार बनाने की साजिश चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) वोट चोरी के जरिए सत्ता में आने की साजिश रच रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 65 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। यह लोकतंत्र के साथ सीधा अन्याय है।

श्रीमती वाड्रा ने कहा कि बिहार के किसान लगातार करों और कृषि की बढ़ती लागत के बोझ तले दबे हैं, जिससे उनकी आय नहीं बढ़ पा रही है। वहीं, बेरोजगारी की ऊंची दर ने युवाओं को राज्य छोड़कर बाहर काम तलाशने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी टेंडर और कारखाने गुजरात भेजे जा रहे हैं। जो लोग कॉर्पोरेट घरानों को जमीन और संसाधन सौंपते हैं, वे गरीबों के लिए कभी काम नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि, 20 साल में सरकार ने बस लोगों को संघर्ष करने की आदत डलवाई है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में महागठबंधन की सरकार बनती है तो हर गरीब परिवार को एक सरकारी नौकरी देने की कोशिश की जाएगी।

कांग्रेस की महासचिव ने पूछा, बिहार में कितने उद्योग लगे, इस बारे में सरकार ने क्या किया? उन्होंने कहा कि पहले लोग चाहते थे कि सरकारी कारखाने में नौकरी लग जाए, लेकिन श्री मोदी ने सारे उद्योगों को अपने दो दोस्तों को सौंप दिया। अब सरकारी कारखानों में ठेकेदारी चल रही है।देश की संपत्ति को खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के हाथ में कुछ भी नहीं, उनकी सुनने वाले भी कोई नहीं है, सरकार तो दिल्ली के निर्देश पर चल रही है। .श्रीमती वाड्रा ने बिहार में नीतीश कुमार की सरकार पर हमला करते हुये कहा कि बिहार की जनता 20 साल से चली आ रही राजनीतिक विफलताओं से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले पैसे बांटे जा रहे हैं, लेकिन 20 सालों से जनता की कोई सुध नहीं ले रहा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल पैसों के लालच में नहीं आएं और विकास, रोजगार और शिक्षा के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए मतदान करें। उन्होंने वर्तमान सरकार को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से चलने वाली सरकार बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित