वाराणसी , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री तथा वाराणसी जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने दावा किया कि विकास के पथ पर अग्रसर प्रदेश की आर्थिक स्थिति की चर्चा देश और दुनिया में हो रही हैं।
योगी सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में 18 से 26 मार्च तक आयोजित विकास प्रदर्शनी एवं कार्यक्रम के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुये श्री खन्ना ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। समापन सत्र से पहले सरकार के नौ वर्षों के कार्यों पर आधारित एक फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
श्री खन्ना ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि 19 मार्च 2017 को वर्तमान सरकार ने शपथ ली थी। तब से अब तक का यह नौ वर्ष का कार्यकाल उत्तर प्रदेश के इतिहास में स्वर्णिम काल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता का परसेप्शन तुरंत नहीं बदलता, बल्कि यह कानून व्यवस्था, विकास और रोजगार से बदलता है। आज उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर शांति स्थापित हुई है, जिससे विकास का पहिया तेजी से आगे बढ़ रहा है।
वित्त मंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 की तुलना में अपराधों में काफी कमी आई है और सरकार उद्यमियों का विश्वास जीतने में सफल रही है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। श्री खन्ना ने आंकड़े देते हुए बताया कि सरकार ने 267 दुर्दांत अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इसके अलावा 6 नए नारकोटिक्स थाने स्थापित किए गए और सभी जिलों में साइबर सेल का गठन किया गया। पहले पुलिस विभाग में महिलाओं की संख्या लगभग 10 हजार थी, जिसे बढ़ाकर 40 हजार से अधिक कर दिया गया है।
कृषि क्षेत्र में विकास दर 8 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने में प्रदेश कई क्षेत्रों में देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। जैविक खेती करने वाले किसानों की संख्या बढ़कर 35 हजार हो गई है।
विद्युत आपूर्ति के क्षेत्र में निर्बाध बिजली सुनिश्चित की गई है। पहले प्रदेश को 'बीमारू राज्य' कहा जाता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख राज्यों में अग्रणी स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने महिलाओं के उत्थान की बात करते हुए कहा कि पहले महिलाओं को चूल्हे पर लकड़ी जलाकर खाना बनाना पड़ता था, लेकिन उज्ज्वला योजना के तहत लगभग दो करोड़ लोगों को एलपीजी गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। साथ ही 18,452 मजरों (मुहल्लों) को विद्युत कनेक्शन देकर एक करोड़ 18 हजार लोगों को बिजली पहुंचाई गई।
वित्त मंत्री ने बजट का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2016-17 में प्रदेश का बजट मात्र तीन लाख करोड़ रुपये था, जबकि वर्तमान में उन्होंने 9 लाख 18 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है। खन्ना ने कहा, "देश और दुनिया में आज उत्तर प्रदेश की आर्थिक स्थिति की खूब चर्चा हो रही है।" वर्तमान सरकार ने अब तक नौ लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दी हैं। एक लाख 47 हजार युवाओं को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का लाभ पहुंचाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित