जयपुर , नवम्बर 04 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है किभारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजाति समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
श्री राठौड़ भाजपा प्रदेश कार्यालय पर भगवान बिरसा मुंडा जनजाति गौरव दिवस पर प्रदेश स्तरीय आयोजित कार्यशाला में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना जीवन बलिदान करने वाले जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में घोषित किया है। यह न केवल इतिहास के पुनर्लेखन का कार्य है, बल्कि देश की असली आत्मा को सम्मान देने का प्रयास भी है।
श्री राठौड़ ने कहा कि नौ से 15 नवम्बर तक जनजाति गौरव सप्ताह के दौरान राज्यभर में विभिन्न आयोजन होंगे, जिनमें राष्ट्र के जननायकों का गौरव गान किया जाएगा। यह गौरव गान नई पीढ़ी को राष्ट्र और संस्कृति के प्रति गर्व से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही वह कार्य किए जिन्हें आने वाली पीढ़ियां सदैव स्मरण रखेंगी। उन्होंने अंग्रेजों के अत्याचारों और ईसाई मिशनरियों के दुष्प्रभावों का विरोध किया और भारतीय संस्कृति की रक्षा की। जनजाति समाज के कई वीर सेनानियों ने भी समाज में फैली कुरीतियों और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष किया।
श्री राठौड़ ने कहा कि विदेशी ताकतें वर्षों से जनजातियों की संस्कृति को कमजोर करने का प्रयास करती रही हैं, जिनसे अब डटकर निपटने की आवश्यकता है। भाजपा ही वह राजनीतिक शक्ति है जिसने जनजातियों के कल्याण और उनके उत्थान के लिए योजनाओं को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि जनजाति समाज को मुख्यधारा से जोड़ना भाजपा का संकल्प है।
कार्यशाला में जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। रामायण और महाभारत काल से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक, जनजाति नायकों ने देश की रक्षा में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर सभी जिलों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। साथ ही, जनजाति महापुरुषों की स्मृति में प्रतिमाएं, पैनोरमा और स्मारक बनाए जाएंगे।
उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जनजाति नीति अंग्रेजों के विचारों पर आधारित थी, जबकि नरेंद्र मोदी सरकार ने भारतीय चिंतन के अनुरूप जनजाति समाज के विकास का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज को भड़काने और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, किंतु भाजपा कार्यकर्ताओं को जनजाति समाज के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना होगा।
बैठक को पूर्व सांसद कनकमाल कटारा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नारायण मीणा ने नौ से 15 नवम्बर तक चलने वाले जनजाति गौरव दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से रखी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित