नयी दिल्ली , जनवरी 09 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कहा कि माहेश्वरी समाज का इतिहास देश के आर्थिक, सामाजिक और राष्ट्रीय परिवर्तन से गहराई से जुड़ा रहा है।

श्री बिरला में जोधपुर में आयोजित तीन दिवसीय माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि माहेश्वरी समाज का इतिहास देश के आर्थिक, सामाजिक और राष्ट्रीय परिवर्तन से गहराई से जुड़ा रहा है। समाज ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम में योगदान दिया, बल्कि आज़ादी के बाद भी राष्ट्र निर्माण और आर्थिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

श्री बिरला ने कहा कि माहेश्वरी समाज की गौरवशाली परंपरा सेवा, समर्पण और त्याग पर आधारित रही है। माहेश्वरी समाज भी सदैव सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के भाव से कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि आज जब देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और भारत में व्यापक परिवर्तन हो रहा है, ऐसे समय में माहेश्वरी समाज के युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और नवाचार के माध्यम से देश को नई दिशा देने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देश और दुनिया में बसे माहेश्वरी समाज के युवा विज्ञान, तकनीक, चिकित्सा, शिक्षा और उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। यही नवाचार भारत की नयी शक्ति बनेगा।

श्री बिरला ने कहा कि माहेश्वरी समाज की सोच हमेशा सेवा, त्याग और समर्पण की रही है। देश आज समाज की ओर आशा से देख रहा है। समाज की संख्या भले ही कम हो, लेकिन उसकी प्रतिष्ठा और प्रभाव व्यापक है। वर्तमान पीढ़ी की यह जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे। उन्होंने कहा कि आज समय देश के लिए बलिदान का नहीं, बल्कि देश के लिए परिश्रम, नवाचार और जिम्मेदारी का समय है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य आज के विचारों और प्रयासों से तय होगा। इसलिए युवाओं को उद्योगों, स्टार्टअप्स और रोजगार सृजन से जोड़ते हुए देश के विकास में सहभागी बनाना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तीन दिवसीय माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो के दौरान सकारात्मक मंथन होगा और यह विचार सामने आएगा कि विकसित भारत के निर्माण में समाज किस प्रकार और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित