उज्जैन , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश की प्राचीन नगरी उज्जैन के न्यायप्रिय सम्राट विक्रमादित्य के नाम पर मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा प्रदान किया जाने वाला एक करोड़ एक लाख रुपए की राशि का सम्राट विक्रमादित्य अंतर्राष्ट्रीय सम्मान अब देश का सबसे बड़ा सम्मान होगा।
महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि युग निर्माता गणनायक सम्राट विक्रमादित्य की स्मृति को सुरक्षित रखने तथा उनके शौर्य, औदार्य, न्यायप्रियता, धर्मनिष्ठा और प्रजावत्सल गुणों को समाज में पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ एक लाख रुपए की राशि वाला यह सम्मान देश में अपने प्रकार का सबसे बड़ा सम्मान होगा।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त सम्राट विक्रमादित्य के नाम से 21 लाख रुपए का एक राष्ट्रीय सम्मान तथा पांच-पांच लाख रुपए की राशि के तीन राज्य स्तरीय सम्मान भी स्थापित किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित